फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किटी पार्टी कर महिलाओं को लगाया एक करोड़ का चूना

Sun, 23 Nov 2014 10:21 PM IST
अमर उजाला, इंदिरापुरम
विज्ञापन
विज्ञापन
अगर आप किटी पार्टी में चल रही किसी कमेटी का हिस्सा हैं, तो सावधान हो जाएं। इंदिरापुरम स्थित न्यायखंड-2 की रहने वाली एक महिला ने किटी पार्टी में कमेटी का सदस्य बनाकर 70 से ज्यादा महिलाओं को एक करोड़ रुपये का चूना लगा दिया।
विज्ञापन


इसी रकम से खरीदी गई प्रॉपर्टी भी बेच दी और शनिवार की रात घर पर ताला लगाकर पति समेत फरार हो गई। आर्थिक मदद का बहाना करके उसने कुछ महिलाओं से उधार भी लिया, इस रकम को भी नहीं लौटाया है।

रविवार की सुबह ठगी का शिकार हुई महिलाएं अभयखंड पुलिस चौकी पहुंची और हंगामा किया। महिलाओं ने शिकायत देते हुए आरोपी महिला और उसके पति की गिरफ्तारी की मांग की है। इसके बाद महिलाएं थाना इंदिरापुरम पहुंचीं और रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन


न्याय खंड-2 में फ्लैट संख्या 115-116सी में प्रताप सिंह बिष्ट, पत्नी हंसी बिष्ट और दो बच्चे रह रहे थे। हंसी बिष्ट ने आस पड़ोस की महिलाओं का विश्वास जीता और चार वर्ष तक किटी पार्टी के नाम पर कमेटी चलाई।

उसने अपनी कमेटी में 70 से अधिक महिलाओं को सदस्य बनाया और इससे एक करोड़ तीन लाख रुपये जुटाए। शनिवार रात हंसी के घर से मजदूर सामान उतारकर ट्रक में चढ़ा रहे थे। पड़ोसियों को शक हुआ तो सामान उतार रहे मजदूरों को पकड़कर पुलिस के पास ले गए।

मजदूरों ने पुलिस को बताया कि उन्हें सिर्फ सामान उतारने के लिए बुलाया गया था। इसके बाद महिलाओं ने हंसी बिष्ट को लगातार फोन मिलाए, लेकिन फोन नहीं उठा। वह कहीं मिली भी नहीं। रविवार की सुबह महिलाओं ने अभयखंड पुलिस चौकी पर धावा बोल दिया।

हंसी बिष्ट और उसके पति की गिरफ्तारी की मांग लेकर हंगामा करने लगीं। इस मामले में 34 महिलाओं ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। थानाध्यक्ष हरिदयाल यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

रकम ठगने के लिए चलाती थी कई स्कीम
ठगी का शिकार महिलाओं ने बताया कि वह बचत के लिए कई स्कीम लेकर आती थी। स्कीम के तहत मेंबरशिप के नाम पर रुपये जमा कराती थी। पीड़ित राधा ने बताया कि उसने प्रापर्टी खरीदने के नाम पर करीब पांच लाख रुपये लिए थे।

इसके साथ ही वादा किया था कि कुछ समय बाद फ्लैट बेचकर दोगुनी रकम उसे देगी। वहीं सुधा से कमेटी के नाम पर सवा लाख रुपये ठग लिए। महिलाओं से ठगी रकम से उसने इंदिरापुरम में तीन फ्लैट खरीदे।

इंदिरापुरम में खरीदे तीनों फ्लैट तक बेचे
हंसी ने ठगी की रकम से इंदिरापुरम में तीन फ्लैट खरीदे थे। महिलाओं को जब उसके भाग जाने का शक हुआ, तो फ्लैटों की जांच की गई। तब पता चला कि सभी फ्लैट वह बेच चुकी है।

हंसमुख थी हंसी, चार वर्ष चला रही थी ठगी का धंधा
महिलाओं के मुताबिक हंसी बिष्ट हंसमुख और मिलनसार स्वभाव की थी। महिला उसके संपर्क में पिछले चार वर्ष थीं। उसकी किटी पार्टी और कमेटी का हिस्सा थीं। महिलाओं ने बताया कि अपने मिलनसार व्यवहार से महिलाओं को जल्द अपने साथ जोड़ लेती थी।

पहले कई बार कमेटी चलाने के बाद रकम भी लौटाई, जिससे विश्वास बढ़ता गया। अब जब ज्यादा महिलाएं जुड़ गईं, तो इतनी बड़ी रकम लेकर फरार हो गई।

गाजियाबाद में फलफूल रहा है कमेटी का धंधा
वसुंधरा सेक्टर-16 में कमेटी का काम करने वाले अमित वर्मा ने बताया कि गाजियाबाद में कमेटी का धंधा तेजी से बढ़ रहा है। सिर्फ ट्रांस हिंडन में ही करीब पांच हजार से अधिक छोटी-बड़ी कमेटी चल रही हैं, लेकिन इनमें से सही कितनी हैं, इसका पता लगाना बड़ा मुश्किल है।
विज्ञापन


जरा ध्यान रखें महिलाएं
अपरिचित महिला पर कुछ मुलाकातों में ही विश्वास नहीं करने लगें
कमेटी में पैसा लगाने से पहले, उसके बारे में पूरी तरह जानकारी लें
परिचितों की कमेटी में ही पैसा लगाएं और बहुत बड़ी कमेटी का हिस्सा नहीं बनें
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें