ऐसे में इन मार्गों पर बड़े पैमाने पर जाम लग सकता है। किसानों के मार्च को देखते हुए ट्रैफिक परिवर्तित भी किया सकता है। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने लोगों को सलाह दी है कि लोग यात्रा करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सऐप और ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर ट्रैफिक का अपडेट जरूर ले लें। हो सके तो लोग रामलीला मैदान की तरफ और नई दिल्ली में आने से बचें।
पुलिस ने किए कड़े इंतजाम...
देशभर से किसान मार्च में दिल्ली आए किसानों के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दिल्ली पुलिस के दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 21 कंपनियां तैनात रहेंगी। इनमें भारी संख्या में महिला पुलिस बल को भी तैनान किया गया है। सारे इंतजाम मध्य दिल्ली और नई दिल्ली के लिए किए गए हैं।
मार्च रामलीला मैदान से चलकर संसद की ओर कूच करेगा। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल ने बताया कि किसान मार्च के लिए दिल्ली पुलिस के दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 1796 पुलिस अधिकारी, सिपाही व सब इंस्पेक्टर पद तक के हैं। 166 अधिकारी इंस्पेक्टर से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तक के रहेंगे।
इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 21 कंपनियां, जिनमें दो महिला कंपनी भी शामिल हैं, उनको लगाया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को रिजर्व रखा गया है। पूरे हालात पर नजर रखने के लिए स्पेशल सीपी नॉर्थ और साउथ के अलावा अपनी-अपनी रेंज के संयुक्त आयुक्त भी तैनात रहेंगे।