भारतीय जनता पार्टी से निलंबित नेता एवं सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद आम आदमी पार्टी का हिस्सा बनने जा रही हैं। आजाद 13 नवंबर को आप की सदस्यता लेंगी। आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने आजाद से उनके आवास पर मुलाकात करने के बाद यह जानकारी मीडिया को दी।
आजाद के आप में शामिल होने से माना जा रहा है कि भाजपा के पूर्वांचल के वोटरों में पार्टी सेंध लगा सकती है। संजय सिंह ने इसका जिक्र भी किया। पंडित रविशंकर लेन स्थित आवास पर मुलाकात के बाद संजय सिंह ने बताया कि हम काफी समय से पूनम आजाद के संपर्क में थे। हमारी कोशिश थी कि वह आप में शामिल हों।
आज औपचारिक बात करके तारीख भी तय हो गई है। 13 नवंबर को पूनम आजाद पार्टी की सदस्यता लेंगी। उन्होंने बताया कि पूनम आजाद लंबे वक्त से भाजपा में सक्रिय रही हैं। उन्होंने शीला दीक्षित के खिलाफ चुनाव भी लड़ा है।
अलग-अलग पदों पर काम किया है। पूर्वांचल के लोगों को दिल्ली के अंदर संगठित करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। उनके पार्टी में आने से आप को मजबूती मिलेगी। हालांकि, संजय सिंह ने यह नहीं बताया कि पार्टी में पूनम आजाद की भूमिका क्या होगी।
संजय सिंह के मुताबिक, पार्टी इसका फैसला करेगी। पार्टी में शामिल होने के बाद उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। पार्टी उन्हें अच्छी व प्रभावी भूमिका देगी। बता दें कि पूनम आजाद अभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई से जुड़ी हैं।
पिछले बीस साल में वह पार्टी से जुड़ी हुई थीं। लेकिन दो विधान सभा चुनावों से भाजपा ने विधान सभा का टिकट नहीं दिया। इससे वह पार्टी से नाराज चल रही थीं। उधर, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) का मामला उठाने व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधने के बाद कीर्ति आजाद को पार्टी ने निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद पूनम आजाद ने पार्टी छोड़ने का इरादा कर लिया।
Poonam Azad ji will officially join AAP on November 13th: Sanjay Singh, AAP pic.twitter.com/sBibGAQb1g
— ANI (@ANI_news) November 8, 2016