हाईकोर्ट ने क्रिकेट एवं भाजपा के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद की याचिका पर दिल्ली जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) व दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कीर्ति आजाद ने फिरोजशाह कोटला मैदान में क्रिकेट मैच करवाने व डीडीसीए में अनियमितताओं मामले में स्वयं को पक्ष बनाने का आग्रह किया है। न्यायमूर्ति एस.मुरलीधर और न्यायमूर्ति नजमी वजीरी की खंडपीठ ने दोनों पक्षों को स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि क्यों न याची को मामले में पक्ष बनाया जाए ताकि वह मामले में अदालत की सहायता कर सके।
अदालत ने मामले की सुनवाई 22 अगस्त तय की है। इसी दिन डीडीसीए द्वारा स्टेडियम का कब्जा पत्र दिलवाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई तय है। यह याचिका वर्ष 2010 में दायर की गई थी।