एमसीडी नेताओं से मुलाकात के बाद भाजपा में शामिल हुई किरण बेदी ने दिल्ली के सांसदों को भी अपने निवास स्थान पर तलब कर लिया।
विज्ञापन
दिल्ली चुनाव की तैयारियों को लेकर इस मुलाकात में दिल्ली के दो सांसद नहीं पहुंचे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. हर्षवर्धन के लेट होने पर किरण बेदी उनसे मिले बगैर ही चली गईं। इसके कारण दिल्ली के घोषणा पत्र से संबंधित मुद्दों पर चर्चा अधूरी रह गई।
किरण बेदी दिल्ली के चुनाव को लेकर कमर कस चुकी है। बेदी सुबह से ही भाजपा नेताओं से मिलने का कार्यक्रम तय कर लेती हैं। रविवार को भी उन्होेंने अपने निवास स्थान पर सभी सांसदों की बैठक बुलाई थी।
विज्ञापन
पांच सांसद भी हुए शरीक
बैठक में पांच सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, महेश गिरी, प्रवेश वर्मा और राज्यसभा सांसद विजय गोयल तो शरीक हुए लेकिन मनोज तिवारी और डॉ. उदित राज नहीं पहुंच सके।
डॉ. हर्षवर्धन काफी लेट पहुंचे लेकिन तब तक बैठक समाप्त हो चुकी थी और सभी अपने-अपने घर निकल गए थे। किरण बेदी के निवास स्थान पर पहुंचे डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि किरण बेदी हमारी पार्टी में आई हैं उनका स्वागत है। जब उनसे पूछा गया कि किस मुद्दे पर बैठक थी तो उनका जवाब था कि चाय पीने आया हूं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में बेदी ने विजय गोयल से दिल्ली की झुग्गी झोपड़ी की समस्या और वहां सफाई अभियान को तेज करने पर चर्चा की तो सांसद रमेश बिधूड़ी से अनाधिकृत बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुविधा को लेकर। मीनाक्षी लेखी से महिला सुरक्षा पर भी बातचीत की गई। इसके साथ ही आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
क्रेन बेदी से किरण दीदी बनीं
सत्ता के लिए भाजपा में शामिल नहीं हुई हूं। भाजपा में आने का मकसद केंद्र के साथ मिलकर दिल्ली का भाग्य बदलना है। उक्त बातें बूथ इंचार्ज की बैठक में भाजपा में शामिल हुई किरण बेदी ने कहीं।
दरअसल बेदी अपने ऊपर अवसरवादी होने के आरोप पर जवाब दे रही थी। पंडित पंत मार्ग स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में बेदी ने कहा कि केंद्र और एमसीडी में भाजपा की सरकार है।
अगर दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनती है तो तीनों को एक डोर में बांध कर बेहतर विकास होगा। पन्ना प्रमुखों से उन्होंने अह्वान किया कि वे स्थिर सरकार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़े।
भाजपा में आने के बाद बेदी को नया नाम मिल गया है। अब किरन बेदी व क्रेन बेदी से किरण दीदी बन गई हैं। दरअसल कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में बेदी इस बयान को देकर यह मैसेज देना चाहती थी कि उनका व्यवहार क्रेन बेदी वाला नहीं रहेगा, बल्कि दीदी वाला ही रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुना में भी सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
‘आप’ में खलबली मची हुई है
बूथ इंचार्ज की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आम आदमी पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का हौसला देखकर आप में खलबली मची हुई है।
झूठ की राजनीति की पोल खुल चुकी है। पहले कहते थे कि सरकार बनी तो कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को जेल भेजेंगे। लेकिन सरकार बनते ही घोटाले की फाइल खुली तक नहीं।
नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बूथ इंचार्ज की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यह भी कहा कि आप आम लोगों के लिए नहीं बल्कि खास लोगों के लिए है।
बिना नाम लिए हुए उन्होंने दावे से कहा कि कॉरपोरेट घराने से चंदा लेने का कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसका सबूत भी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी का ढोंग रचते हैं आप के नेता। उन्होंने कहा कि नीले रंग की वेगन-आर और मेट्रो के सफर की जगह इनोवा ने ले ली है।
उन्होंने माना कि दिल्ली विधानभा चुनाव भाजपा के लिए अग्नि परीक्षा है और इसे किसी भी हालत में जीतना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को स्वीकृत हैं और दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 का इतिहास भाजपा और जनसंघ के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा, क्योंकि लंबे समय से पूर्ण बहुमत की सरकार वाले प्रधानमंत्री नहीं बने।
दिल्ली में 85 प्रतिशत पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति हो चुकी है और जल्द ही सभी पन्ना प्रमुख नियुक्त कर दिए जाएंगे। इस चुनाव के जरिए हम स्थायी डाटा तैयार कर रहे हैं, जो आगे भी काम आने वाला है।