शादी के कई साल बाद भी औलाद नहीं होने पर धर्मस्थलों पर जाकर जिसके लिए मन्नत मांगी थी, उसी मासूम बेटे को गला घोंट कर मार दिया। घटना विजय विहार इलाके में शुक्रवार रात की है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पिता ने 6 साल के इकलौते बेटे की हत्या करने के बाद मकान मालिक को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि दो साल पहले कैंसर से पत्नी की मौत और तीन महीने से बेरोजगार होने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।
पुलिस के अनुसार बच्चे की शिनाख्त पुनीत (6) के रूप में हुई है। वह अपने पिता विनोद (46) के साथ बुधविहार फेस एक के ए ब्लॉक में किराए के मकान में रहता था। पुनीत घर के पास ही सरकारी स्कूल की पहली कक्षा में पढ़ता था। विनोद मूलत: पंजाब का रहने वाला, लेकिन कई साल पहले उसका पूरा परिवार दिल्ली आ गया था। उसके रिश्तेदार शाहदरा इलाके में रहते हैं। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विनोद ने अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे गए। पुलिस मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में पहुंची, जहां बेड पर बच्चे का शव पड़ा था। विनोद वहीं खड़ा था।