वसीम गिरोह की नाबालिगों के गिरोह से चल रही है रंजिश
नई दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार थाना क्षेत्र में वसीम गिराेह की नाबालिगों के एक गिरोह से रंजिश चल रही है। नाबालिगों के गिरोह को वसीम (19) तो नहीं मिला तो उसके गिरोह के 16 वर्षीय सदस्य को 22 मार्च को चाकू घोंपकर हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के 24 घंटे के अंदर दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। उनके कब्जे से ड्रैगन चाकू, खून से सने कपड़े व जूते और अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि दोनों नाबालिग ने 22 मार्च को गली गढैया, सदर बाज़ार में वारदात को अंजाम दिया। शाखा की एनआर-1 यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर अजय गहलावत, एसआई संजय राणा व एएसआई पवन की टीम ने 23 मार्च को दोनाें नाबालिग को पकड़ लिया। एक नाबालिग पर पॉक्सो व झपटमारी के दो मामले दर्ज हैं। ब्यूरो