थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में एक बुलेट बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद मोर्चरी से शव लेकर बीके चौक पर रख जाम लगा दिया।
परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत दुर्घटना में नहीं हुई, उसे साजिश के तहत मारा गया है। जबकि पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन ने युवक की बुलेट बाइक में टक्कर मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना बृहस्पतिवार रात की है। जानकारी के अनुसार 20 साल का सोनू उर्फ सन्नी अपने परिजनों के साथ एसजीएम नगर की राजस्थानी कॉलेनी में रहता था। उसका एक भाई व दो बहन हैं, बड़ा भाई रूप सिंह डॉक्टर है। वह कॉलोनी में ही क्लीनिक चलाता है। रूप सिंह ने बताया कि सोनू बाइक मैकेनिक था, वह एनएच-1 चौक स्थित बुलेट बाइक के एक शोरूम में काम करता था।
उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 8.30 बजे उसे किसी ने बताया कि उसके भाई सोनू का एक्सीडेंट हो गया है, वह सर्वोदय अस्पताल में भर्ती है। जब परिजन वहां पहुंचे तो सोनू की मौत हो चुकी थी।
शुक्रवार दोपहर मृतक के रिश्तेदार व कॉलोनीवासी भारी संख्या में बीके अस्पताल की मोर्चरी में इकट्ठा हुए। परिजनों ने बताया कि सोनू को बृहस्पतिवार दोपहर नवादा गांव से चार लोग बुलेट बाइक ठीक कराने के लिए कार में बैठा कर ले गए थे। जिसके बाद वह बुलेट लेकर लौट रहा था। परिजनों का आरोप है कि सोनू की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं बल्कि किसी साजिश के तहत हुई है।
इसी से नाराज लोगों ने मोर्चरी से शव लेने के बाद घर जाते समय बीके अस्पताल के चौक पर शव रख कर जाम लगा दिया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा कर जाम खुलवाया।
उधर, सदर बल्लभगढ़ पुलिस के जांच अधिकारी श्रीभगवान ने बताया कि बुलेट बाइक पीछे से क्षतिग्रस्त हुई, शुरूआती जांच में लग रहा है कि उसे किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी है। फि लहाल मामले की जांच की जा रही है।