पक्का तालाब मोहल्ले में सोमवार रात बारात में बच्चों के बीच हुई कहासुनी में बड़े भी कूद पड़े। बारात घर लौटने पर घर के सामने कार खड़ी करने को लेकर फिर दोनों पक्षों में हुए विवाद के बाद खूब सरिया और डंडे चले।
मारपीट में एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें पप्पू (40) कोमा में पहुंच गया। दिल्ली के एफसीआई गोदाम में कार्यरत पप्पू को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने घर में घुसकर सामान भी इधर-उधर फेंक दिया।
कोतवाल वीर विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर मोहल्ले से बस द्वारा दिल्ली बारात गई थी। बस में मोहल्ले के हजारी और उदयराम पक्ष के बच्चों में कहासुनी हो गई थी।
बारात लौटने पर शाम को कार खड़ी करने को लेकर फिर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें कार तोड़ दी गई। आरोप है कि हजारी के परिवार के लोगों ने उदयराम के घर में घुसकर सरियों से त्रिलोक चंद, सुनील, पप्पू, ऊषा और सुनीता को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
एसएचओ ने बताया कि त्रिलोक ने हजारी, पत्नी नत्थो, कुकु, कालू, राजेश, शालू, हेनी, सचिन, जीतू, बिल्लो, भारती और पांचाली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उधर, मनोवैज्ञानिक आर चंद्रा का कहना है कि युवा छोटी-छोटी बातों में अपना धैर्य खो रहे हैं। परिजनों को बच्चों को समझाना चाहिए।
महिला को चाकू मारा
नए बस अड्डे स्थित अमन कालोनी में पैसों के लेनदेन में चचेरे ससुर ने महिला परवीन को चाकू मार दिया, जिसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल वीर विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी लोनी निवासी फरजान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल महिला के चचेरे ससुर पर 25 हजार रुपये उधार थे।