मेदांता अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान डॉनर महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। बीती रात अस्पताल में हुई महिला की मौत के बाद परिजनों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए है।
रविवार को परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ लापरवाही की शिकायत पुलिस को दे दी। जिस पर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। लेकिन, पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
यूपी के मुज्जफरनगर निवासी गुरूवचन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक महीने पहले किडनी की समस्या को लेकर उन्होंने अपने 22 वर्षीय भतीजे आशु सैनी को मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया था। जिसमें डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट करने की बात कही थी।
परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले उसकी बुआ प्रभा (41) ने अपनी किडनी डॉनेट करने की बात कही। जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें दाखिल कर लिया। परिजनों का आरोप है कि बीती रात किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन होने के बाद रात 11.30 बजे डॉक्टरों ने महिला की मौत होने की बात कही।
आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही की जिस वजह से डॉनर की जान गई है। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा मचा दिया।
रविवार को जब परिजनों ने मृतक महिला का शव लेने की बात कही तो उन्होंने डेथ समरी देने से मना कर दिया। परिजनों ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। जिस पर सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार मामले की जांच कर रहे है।
हालांकि, इस मामले के बाद अस्पताल प्रबंधन ने चुप्पी साध ली है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एक बार मेदांता अस्पताल में लीवर ट्रांसप्लांट के केस में मौत हो चुकी है।
देर शाम पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल प्रबंधन की तरफ से डेथ समरी दे दी गई जिस पर मृतका का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
हालांकि, मामला मेदांता अस्पताल से जुड़ा होने के चलते पुलिस भी मामला दर्ज नहीं कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।