मलयेशिया में अपहृत छात्र ने शनिवार दोपहर परिजनों को फोन कर खुद के सकुशल होने की जानकारी दी साथ ही जल्द वापस आने की बात कही। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।
हालांकि पुलिस उसकी रिहाई से संबंधित किसी मसले पर कोई भी बयान देने से बच रही है। परिजनों का कहना है कि मलयेशिया में अपहृत छात्र ललित ने अपने चचेरे भाई अंकुर को फोन कर अपने आप को सकुशल बताया है।
उसने कहा कि वह एयरपोर्ट जा रहा है और जल्द ही भारत वापस आ जाएगा। इसके बाद उसके फोन पर किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजनों का कहना है कि उसका फोन बंद आ रहा है।
एक दिन पहले दिन अपहरणकर्ताओं ने छात्र को रिहा करने का दावा किया था। हालांकि शुक्रवार को ललित ने परिजनों से संपर्क नहीं किया। इससे उसकी रिहाई पर सवाल उठ रहे थे।
वहीं दूसरी ओर नोएडा पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि उसकी अभी तक गृह मंत्रालय से किसी तरह की वार्ता नहीं हो पाई है। ऐसे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
गौरतलब है कि मोरना निवासी ललित का अपहरण सोमवार को मलयेशिया में कर लिया गया था। मंगलवार को परिजनों ने नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी थी।
वहीं, दो दिन पूर्व डीएसपी डॉ. अनूप कुमार ने यह खुलासा किया था कि ललित का अपहरण दाखिले के गोरखधंधे में किया गया है। लेकिन, अगले ही दिन एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया था।
इस बाबत एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि अपहरण के मामले में अभी तक विदेश व गृह मंत्रालय से कोई खास बातचीत नहीं हो पाई है। लिहाजा कुछ भी कहना बेहद मुश्किल होगा।