उधार लिए रुपये वापस करने 7 महीने पहले राजस्थान के भीलवाड़ा गई युवती का गाड़ी सवार तीन युवकों ने चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया। आरोपी उसे गुजरात ले गए, जहां जंगल में उसके साथ करीब साढ़े 6 महीने तक रखकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी उसे 15 दिन पहले गुरुग्राम के गांव वजीराबाद लेकर आए। यहां भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
युवती किसी तरह से आरोपियों के चुंगल से निकलकर मां के पास शुक्रवार को पहुंची। उसके बाद पीड़िता ने मां के साथ जाकर महिला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए राजस्थान के भीलवाड़ा भेज दिया है। अब पीड़िता का बयान राजस्थान पुलिस ही दर्ज करेगी। इसके बाद मामले में और खुलासा हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से भीलवाड़ा निवासी करीब साढ़े 18 वर्षीय युवती ने कहा कि वह गांव वजीराबाद स्थित झुग्गियों में अपने माता-पिता के साथ रहती है। उसने भीलवाड़ा के एक व्यक्ति से कुछ रुपये उधार लिए थे। करीब 7 महीने पहले वह रुपये लौटाने भीलवाड़ा के गांव ओडाखेड़ा पहुंची। वहां एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से तीन युवक उतरे और चाकू की नोक पर अगवा कर लिया।
गाड़ी में एक महिला भी मौजूद थी। आरोपी उसे गुजरात ले गए, जहां उसे एक जंगल में रखा। वहां उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने शिकायत में आरोपियों के नाम दरबार, शिवा व मुकेश बताए हैं। उसने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले आरोपी उसे लेकर गांव वजीराबाद पहुंचे। यहां भी उसे एक कमरे में बंद रखा गया और दुष्कर्म किया गया। शुक्रवार को वह किसी तरह से आरोपियों के चुंगल से भाग निकली।