दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मंगलवार को इंटर बॉर्डर गैंगस्टर इन्वेस्टिगेशन स्क्वायड (आईजीआईएस) के साथ मिलकर खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के भगोड़े आतंकी गुरसेवक उर्फ बाबला को गिरफ्तार किया है। उसके कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास किसी साथी से मिलने आने की सूचना के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बाबला को ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान मारे गए जरनैल सिंह भिंडरावाले का बेहद करीबी माना जा रहा है।
रायकोट, लुधियाना (पंजाब) निवासी गुरसेवक (53) 1980 के दशक से अब तक आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। बाबला पर दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत अन्य जगहों पर आतंकी वारदात, पुलिसकर्मियों की हत्या, पुलिस थानों व बैंकों में लूटपाट के 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह विभिन्न मामलों में 26 से अधिक साल जेल में रह चुका है।
दिल्ली के दो मामलों में पटियाला हाउस कोर्ट ने बाबला के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। वह पाकिस्तान में बैठे केसीएफ (खालिस्तान कमांडो फोर्स ) चीफ परमजीत सिंह पंजवाद व जगतार सिंह हवारा के इशारे पर भारत में दोबारा अपना नेटवर्क खड़ा करने का प्रयास कर रहा था। अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह, एसीपी आरके ओझा और इंस्पेक्टर पीसी खंडूरी व अन्य की टीम को सूचना मिली थी कि केसीएफ का आतंकी गुरसेवक उर्फ बाबला आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पास किसी साथी से मिलने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।