केजरीवाल ने लिखी पीएम मोदी और राहुल गांधी को चिट्ठी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर दोनों से मिलने की मांग की है। साथ ही सीलिंग मुद्दे पर बिल लाने की मांग की है।
केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिल्ली में चल रही सीलिंग की समस्या से अवगत कराते हुए एक चिट्ठी लिखी है। उन्होंने बताया है कि सरकार उन व्यापारियों की दुकानें सील कर रही है जो टैक्स देते हैं। बेईमान नहीं है और देश के विकास में अपना सहयोग देते हैं।
केजरीवाल ने लिखा कि सीलिंग कानून में कुछ कमियां हैं और इन्हें दूर करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। अब इसका एक ही समाधान है। तुरंत संसद में सीलिंग मामले में बिल लाया जाए और सीलिंग कानून में मौजूद कमियों को दूर किया जाए।
केजरीवाल ने पीएम से ये भी अनुरोध किया कि वह संसद में नया कानून लाएं और जो दुकानें सील की गई हैं उन्हें खुलवाया जाए। केजरीवाल ने लिखा कि यह पूरा मामला इतना गंभीर है कि वह पीएम से मिलकर इस मुद्दे पर विचार करना चाहते हैं।
इसके साथ ही केजरीवाल ने राहुल गांधी को भी चिट्ठी लिखकर इस मुद्दे को संसद में जोर-शोर से उठाने की मांग की और सीलिंग जैसी गंभीर समस्या को सुलझाने के लिए मिलने का समय भी मांगा।