मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मुख्य सचिव को मीटिंग में रोका था और सभी विधायकों के सवालों का जवाब देने को कहा था। हालांकि बाद में मुख्य सचिव बैठक में नहीं रुके थे और विधायकों के सवाल का जवाब नहीं दिया था।
अत: जल्द ही मुख्यमंत्री केजरीवाल से पूछताछ हो सकती है। आप के जिन तीन विधायकों से अभी तक पूछताछ हुई है, उन्होंने पूछताछ में मुख्य सचिव से मारपीट करने की बात से इंकार किया है। हालांकि वह इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए कि जब मुख्य सचिव के साथ मारपीट नहीं हुई थी, तो मुख्य सचिव बैठक से उठकर क्यों चले गए।
उत्तरी जिले के एक अधिकारी ने बताया कि मारपीट के मामले में बैठक में मौजूद आप के सभी विधायकों से पूछताछ होगी। अभी तक जंगपुरा से विधायक प्रवीण कुमार, लक्ष्मी नगर से विधायक नितिन त्यागी और जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि से पूछताछ हो चुकी है।
अंबेडकर नगर से विधायक अजय दत्त सोमवार को पूछताछ में शामिल होंगे। बाकी विधायकों को बाद में बुलाया जाएगा। उत्तरी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस अफसरों की टीम विधायकों से पूछताछ करती है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विधायक प्रवीण कुमार ने पूछताछ में बताया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मुख्य सचिव को मीटिंग में बैठने को कहा था और जबरदस्ती सभी विधायकों के सवालों का जवाब देने को कहा था। मुख्य सचिव मीटिंग से जाने लगे थे, तभी मुख्यमंत्री ने रुकने को कहा था।
ऐसे में उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री केजरीवाल से पूछताछ हो सकती है। उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आप विधायक पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। अभी तीन विधायकों से पूछताछ हुई है और किसी भी ने भी पूछताछ में सहयोग नहीं किया है।