दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ट्विटर पर वीडियो जारी कर डॉक्टरों से दिल्ली सरकार के लिए वालंटियर सुविधाएं देने की अपील की है। इसके लिए उन्होंने एक नंबर भी जारी किया है। इस पर मिस्ड कॉल कर के डॉक्टर खुद को रजिस्टर कर सकते हैं। कोरोना संकट के समय लोगों की मदद के लिए केजरीवाल ने यह मुहिम शुरू की है।
केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि मैं सभी डॉक्टरों से दिल्ली सरकार की कोरोना टेलीमेडिसीन हेल्पलाइन के लिए आगे आकदर मदद करने की अपील करता हूं। रजिस्टर करने के लिए 08047192219 पर मिस्ड कॉल करें। दिल्ली के लोगों को इस मुश्किल घड़ी में आपके समर्थन की जरूरत हैं।
दिल्ली में कोरोना की स्थिति को लेकर गृह मंत्री के साथ बैठक
दिल्ली की स्थिति को देखते हुए रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक करेंगे।
अमित शाह के कार्यालय की तरफ से ट्वीट किया गया, 'गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के संदर्भ में स्थिति की समीक्षा के लिये दिल्ली के उप-राज्यपाल, मुख्यमंत्री और एसडीएमए के सदस्यों के साथ कल, 14 जून को बैठक करेंगे। एम्स के निदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
दिल्ली में संक्रमण के 36 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं जबकि अब तक इस महामारी से राजधानी में 1200 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।