कुमार विश्वास और राजेश गर्ग दोनों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जहां दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का स्टिंग ऑडियो क्लिप आने के बाद आप नेता कुमार विश्वास ने राजेश गर्ग पर करारा हमला बोलते हुए ट्वीट किया कि ‘मिस्टर नाकाम षडत्रकारी राजेश गर्ग जी, मैंने वो ऑडियो क्लिप उसी दिन पार्टी को भेज दी थी जिस दिन आपने मुझे ब्लैकमेल करने की कोशिश की। तभी जब आपने इसके बदले विधानसभा का टिकट चाहा था...याद आया? टिकट तो मिला नहीं, आप जो करना चाहते हैं करने के लिए आजाद हैं।’
वहीं राजेश गर्ग ने कुमार विश्वास को ही कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है गर्ग ने कहा कि टेप सिर्फ मेरे और कुमार विश्वास के पास ही था। जब मैने ये टेप लीक नहीं किया तो पूरी संभावना है कि कुमार विश्वास ने ही इसे लीक किया हो।
वहीं आप नेता आशुतोष ने माना कि लोकसभा चुनाव के बाद अरविंद केजरीवाल व दूसरे नेताओं ने सरकार बनाने की कोशिश की थी। लेकिन कांग्रेस की मांगों की वजह से समझौता नहीं हो सका। आशुतोष के मुताबिक, लोकसभा चुनाव की हार के बाद आप व अरविंद केजरीवाल ने सरकार बनाने की कोशिश की थी।
आम लोगों की नाराजगी भी इसी वजह से थी कि आप की सरकार ने इस्तीफा दे दिया था। लिहाजा सरकार बनाने की पहल की गई और कांग्रेस विधायकों से बात भी हुई। लेकिन सरकार कांग्रेस विधायकों की मांगों से नहीं बन सकी। कांग्रेस के नेता दो मंत्री का पद मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने अपने वसूलों से समझौता नहीं किया।
'गर्ग-केजरीवाल बातचीत टेप की जांच हो'
पूर्व विधायक राजेश गर्ग और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बातचीत वाले ऑडियो टेप पर भाजपा ने ‘आप’ को आड़े हाथों लिया है। भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि गर्ग और मुख्यमंत्री के बातचीत की रिकॉर्डिंग चौंकाने वाली है।
इससे साफ हो गया है कि केजरीवाल अपने ही पार्टी के पूर्व विधायक राजेश गर्ग से कांग्रेसी विधायकों को तोड़कर सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ जनता के बीच केजरीवाल नैतिकता की दुहाई देते हैं। उन्होंने कहा कि इस साजिश में मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी शामिल थे। मुख्यमंत्री को जनता से माफी मांगने को कहा। गुप्ता ने कहा कि कैसेट की जांच होनी चाहिए।
सामने आने लगा ‘आप’ का सच : माकन
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के ऑडियो टेप मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा है कि ‘आप’ का सच सामने आने लगा है। फैसला जनता को करना है। कांग्रेस ने चुनाव पूर्व भी यह बात बताई थी कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस विधायकों को तोड़कर सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है। कांग्रेस के विधायक बधाई के पात्र हैं जो ऐसी सरकार बनाने में शामिल नहीं हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के घर में भी वही सब कुछ हो रहा है जिसके लिए यह पार्टी दूसरे राजनीतिक दलों पर छींटाकशी करती रही है। अभी तक सब कुछ पर्दे के पीछे चल रहा था, अब खुद पार्टी के संयोजक का टेप सामने आया है। ऐसे में यह आंदोलन के साथ रहे कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
आम आदमी पार्टी में चल रही अंदरूनी लड़ाई के मुद्दे पर अजय माकन ने कुछ कहने से इनकार किया है लेकिन यह जरूर साफ किया कि जनता में जवाबदेही बनती है। वहीं यह भी साफ किया कि कांग्रेस ने पूर्व में भी जोड़तोड़ नहीं किया और भविष्य में भी कुछ ऐसा नहीं करेगी। हम केवल सत्य ही बोलेंगे और गांधी जी के मूल वाक्य सत्यमेव जयते की राह पर चलकर जीत दर्ज करेंगे।