विधानसभा में बजट पर चर्चा में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पूरा देश यह सोच रहा है कि पाकिस्तान की गिरफ्त में आए भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को कैसे रिहा कराया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री भाजपा के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में अपने कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे हैं।
केजरीवाल ने सवाल किया कि बेहद नाजुक वक्त में क्या प्रधानमंत्री को चुनाव प्रचार की तैयारी करनी चाहिए। इस दौरान विपक्ष ने मुख्यमंत्री की बातों पर आपत्ति जाहिर की। इससे पैदा हुए हंगामे से नाराज विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के दो विधायकों को मार्शल से बाहर निकलवा दिया। जबकि नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता विधायक जगदीश प्रधान के साथ सदन का वॉक आउट कर गए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बेहद दुख की बात है कि प्रधानमंत्री को देश की चिंता नहीं, वह बूथ करने में लगे हैं। केजरीवाल ने कहा कि अगर देश मजबूत होगा, तभी बूथ मजबूत होगा। अगर जवान मजबूत होगा, तभी बूथ मजबूत होगा। अगर देश नहीं बचेगा तो बूथ क्या बचेगा। क्या आज प्रधानमंत्री का चुनाव की तैयारी करनी चाहिए?
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नेता येदुरप्पा का कहना है कि इससे उनकी 20 सीटें बढ़ गई हैं। केजरीवाल ने सवाल किया कि 300 सीटें पाने के लिए भाजपा के कितने जवानों की जान चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि आज पूरा देश, सभी पार्टियां सरकार के साथ खड़ी हैं। आज जब देश पर आपत्ति आई है तो हमारे प्रधानमंत्री अपना बूथ मजबूत कर रहे हैं।
केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या इसीलिए सीमा पर विवाद करवाया गया है। भाजपा पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज दो तरह की राजनीति देश में हो रही है। केंद्र में बैठी सरकार देश को जाति, धर्म, अमीर-गरीब के नाम पर बांट रही है। जो काम बीते 70 साल में पाकिस्तान नहीं कर पाया, बीते पांच साल में भाजपा ने इसे कर दिखाया। जबकि दूसरी तरह की राजनीति दिल्ली सरकार की है। यह राष्ट्र निर्माण का काम कर रही है।
सीमा पर सैनिक जान लगा रहे हैं तो दिल्ली सरकार दिन-रात मेहनत करके उन्हें आश्वस्त कर रही है कि एक सरकार है, जो उनके सपनों को पूरा कर रही है। दिल्ली में अच्छे स्कूल, सड़क और अस्पताल देने की राजनीति हो रही है। आखिर में उन्होंने दिल्ली का बजट तैयार करने के लिए सिसोदिया को बधाई दी।