दस दिनों तक स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार शाम बंगलूरू से दिल्ली लौट आए। वह मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले सुबह केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि खांसी ठीक हो गई है, मधुमेह भी नियंत्रित है। फिलहाल तरोताजा महसूस कर रहा हूं। अब उत्सुकता वापस लौटकर जिम्मेदारी संभालने की है।
खांसी और मधुमेह से परेशान केजरीवाल पांच मार्च को इलाज के लिए बंगलूरू स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। दस दिनों तक उनका प्राकृतिक चिकित्सा विधि से उपचार किया गया। सोमवार को जांच के बाद केजरीवाल की हालत सामान्य पाई गई। दोपहर बाद केजरीवाल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शाम को वह अपने माता-पिता के साथ हवाई जहाज से दिल्ली लौट आए। मुख्यमंत्री के एक करीबी ने बताया कि उनकी सेहत अब ठीक है।
चिकित्सकों की राय पर वह अपनी जीवनशैली में सुधार करेंगे। मंगलवार को वह अपनी जिम्मेदारी संभाल लेंगे।
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि बीते 12 दिन वह दिल्ली से बाहर रहे, इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य और सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर सोचने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि कुछ प्रस्तावों को लेकर बीच-बीच में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से भी बातचीत होती रही।
इस बीच उन्होंने बंगलूरू में इस्कॉन द्वारा संचालित अक्षय पात्र की मिड डे मील योजनाएं भी देखी। उन्होंने बताया कि यह यहां अच्छी तरह से चल रही हैं और इनकी रसोई भी साफ सुथरी दिखी। केजरीवाल ने कहा कि इसे दिल्ली में कैसे बेहतर बनाया जाए इस पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने जिंदल इंस्टीट्यूट, उसके चिकित्सकों और स्टाफ के प्रति भी आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान देशभर में खुलने चाहिए।