फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Election: 'मेरी एकमात्र चिंता दिल्ली के लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा', केजरीवाल का चुनाव आयोग को जवाब

Fri, 31 Jan 2025 12:35 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में जो जहरीला पानी भेजा जा रहा था, वो अब बंद हो गया। दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा 7 पीपीएम से घटकर 2 पीपीएम हो गई है। अगर हम आवाज नहीं उठाते और संघर्ष नहीं करते, तो आज दिल्ली की आधी आबादी को पानी नहीं मिल रहा होता।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल - फोटो : X/AAP
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यमुना का पानी लेकर चुनाव आयोग पहुंचे। यहां आयोग के दूसरे नोटिस का जवाब देने के साथ केजरीवाल ने दावा किया कि उनके विरोध के बाद यमुना में अमोनिया का स्तर तेजी से घटा है। दिल्ली को परेशान करने के लिए भाजपा ने यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ाया था। इसे लेकर भाजपा पर कार्रवाई करनी चाहिए।

विज्ञापन


अरविंद केजरीवाल ने यमुना प्रदूषण पर चुनाव आयोग के दूसरे नोटिस का जवाब सौंपा। केजरीवाल ने अपने बयान के समर्थन में छह पन्नों का जवाब दाखिल किया है। दूसरे नोटिस में चुनाव आयोग ने केजरीवाल से पांच सवालों के जवाब मांगे थे। केजरीवाल ने दूसरे नोटिस के जवाब में कहा कि मेरी कही गई बात हरियाणा से दिल्ली को दिए जा रहे कच्चे पानी में अमोनिया के असाधारण और खतरनाक स्तर के संदर्भ में थी। मेरी बात का कोई और मतलब निकालना गलत होगा। अमोनिया के स्तर को लेकर मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कई बार संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस काम नहीं हुआ। मुख्य सचिव ने भी हरियाणा के मुख्य सचिव से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। यह संकेत भी मिले कि यमुना को प्रदूषित करने या अतिरिक्त पानी न देकर समस्या का समाधान नहीं करने का फैसला राजनीतिक स्तर पर लिया जा रहा था। इसके बाद मजबूरन जनता के हित में सार्वजनिक तौर पर इस मुद्दे को उठाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि विरोध के बाद दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा 7 पीपीएम से घटकर 2 पीपीएम हो गई है। अगर हम आवाज नहीं उठाते तो आज दिल्ली की आधी आबादी को पानी नहीं मिल रहा होता। आयोग के दूसरे नोटिस में जो भाषा लिखी है, उससे ऐसा लगता है कि वह पहले से ही तय कर चुके हैं कि क्या सजा सुनानी है। दिसंबर में आतिशी ने देखा कि दिल्ली में यमुना के जरिये जो पानी आ रहा है, उसमें अमोनिया बढ़ने लगा है। दिसंबर से जनवरी तक दिल्ली सरकार और यहां तक की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बातचीत से समाधान निकालने की कोशिश की। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में आतिशी ने सैनी को फोन किया और बताया कि दिल्ली में आ रहे यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा बहुत अधिक है। उन्होंने इस दिशा में काम करने का आश्वासन दिया, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया और अमोनिया बढ़ने के कारण एक-एक कर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने लगे।

विज्ञापन

पीछे पड़ गया चुनाव आयोग
केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि सैनी पर कार्रवाई करने की जगह चुनाव आयोग हमारे पीछे पड़ गया है। जिस राज्य से पानी आ रहा है, वह दूसरे राज्य के लिए संकट पैदा कर सकता है। केजरीवाल ने फिर से मुख्य चुनाव आयुक्त को सार्वजनिक तौर पर यमुना का पानी पीकर दिखाने को कहा।

दोषी हैं हरियाणा के मुख्यमंत्री
केजरीवाल ने दावा किया कि यमुना में अमोनिया बढ़ने के पीछे हरियाणा के मुख्यमंत्री ही दोषी हैं। उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने देश की राजधानी के लोगों को गंभीर कष्ट में डालने की कोशिश की है।
विज्ञापन

केजरीवाल ने कहा कि हैरान हूं कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव से ठीक पहले हरियाणा के सीएम को दिल्ली के पानी को प्रदूषित करने से रोकने के लिए कोई आदेश पारित नहीं किया। इसके बजाय, उन्होंने मुझे परेशान करना चुना। केजरीवाल ने अपने जवाब में कहा, 'अगर हरियाणा सरकार और भ्रष्ट आचरण में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह सभी के लिए स्पष्ट हो जाएगा कि मुख्य चुनाव आयुक्त जनता के हित से ऊपर सत्तारूढ़ पार्टी के हित को रखते हैं। मेरी एकमात्र चिंता दिल्ली के लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा है और मैं हमारे लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के लिए लड़ूंगा। भाजपा के निर्देश पर आप मुझे जो भी अवैध सजा देना चाहते हैं, वह इसके लिए चुकाई जाने वाली एक छोटी सी कीमत है, और मैं इसका खुले दिल से स्वागत करता हूं।”

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में जो जहरीला पानी भेजा जा रहा था, वो अब बंद हो गया। दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा 7 पीपीएम से घटकर 2 पीपीएम हो गई है। अगर हम आवाज नहीं उठाते और संघर्ष नहीं करते, तो आज दिल्ली की आधी आबादी को पानी नहीं मिल रहा होता। हमने दिल्ली को बहुत बड़े पानी के संकट से बचा लिया। 

दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा, 'दिल्ली में खुलेआम पैसे और सामान बांटा जा रहा है। चुनाव आयोग चुप है। अगर चुनाव आयोग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और भाजपा के खिलाफ एक्शन लेने की हिम्मत नहीं दिखाई तो सारी दुनिया में भारतीय जनतंत्र बदनाम हो जाएगा। दिल्ली की जनता को साफ पानी पिलाने और भारतीय जनतंत्र को बचाने के लिए मुझे जो भी असंवैधानिक सज़ा सुनाई जाएगी मैं उसका स्वागत करता हूं।'

आप सांसद संजय सिंह ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को दिल्ली में आने वाले पानी में जहर मिलाने की भाजपा की साजिश का पूरा घटनाक्रम बताया है। आयोग ने कहा है कि वह पूरे मामले की तथ्यों के साथ जांच करेगा और फिर कोई निर्णय लेगा।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें