बुलंदशहर बवाल मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को रि-ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा ने खुद गुंडे भेजकर दंगा करवाया और पुलिस वालों को मरवा दिया।
दूसरी ओर, उन्होंने दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पूछे गए सवाल पर कहा कि बुलंदशहर में जो हुआ, इस तरह की घटनाएं पूरे देश में हो रही हैं। उन्होंने शहीद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के बेटे से फोन पर बात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
उधर, आम आदमी पार्टी ने पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की आत्मा की शांति के लिए सोनिया विहार के पुस्ता-2 से मेन मार्केट में कैंडल मार्च निकाला। मार्च में आप नेता दिलीप पांडेय, मनोज त्यागी, पंकज राय, हाजी यूनुस समेत कई लोग शामिल हुए।
दिलीप पांडेय ने कहा कि आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। पार्टी ने जांबाज पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह को शहीद का दर्जा देने की भी मांग की।