शहर के अति व्यस्ततम एनआईटी-5 बीके चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय की सीढ़ियों पर एक युवक का चेहरा फर्श पर पटक-पटक कर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारों ने शव को पास ही नाले में फेंक दिया। बुधवार सुबह वहां से गुजरे लोगों ने नाले में युवक देखकर पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना मिलने पर एनआईटी थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की। थाना एनआईटी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
बीके चौक के साथ ग्रीन बेल्ट पर नगर निगम का सार्वजनिक शौचालय है। थाना एनआईटी पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि सार्वजनिक शौचालय के सामने नाले में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक के मुंह व माथे पर चोट के गंभीर निशान थे।
जांच करने पर पता चला कि युवक की शौचालय के बाहर फर्श पर चेहरा पटक-पटक कर हत्या की गई है। युवक का चेहरा इस जोरदार तरीके से फर्श पर मारा गया था कि फर्श भी टूट गया था। वहां काफी खून भी जमा था। हत्या करने के बाद शव को घसीट कर नाले में फेंका गया था। हत्या की सूचना मिलने पर डीसीपी एनआईटी विक्रम कपूर सहित क्राइम ब्रांच डीएलएफ, सेक्टर-48 की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
पुलिस टीमों ने सामने बनी मार्केट की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की, मगर कोई सुुराग नहीं मिला। शौचालय के साथ ही झुग्गी बनाकर रह रहे लोगों से पूछताछ की गई, मगर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30-32 साल है और उसने तीन लोअर व दो टीशर्ट पहन रखी हैं।
आशंका जताई जा रही है कि युवक नशा करता था और रात को नशा करने के दौरान उसका साथियों से किसी बात पर झगड़ा हो गया। उसके साथियों ने ही हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। घटना स्थल पर मौजूद एनआईटी थाने के अतिरिक्त प्रभारी एसआई लक्ष्मण ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।