निजी अस्पतालों पर सख्ती को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि वह सिर्फ बयानबाजी करने के लिए जनता के सामने आते है, जबकि उन्हें मरीजों का इलाज नहीं करने वाले प्राइवेट अस्पतालों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी। विफलताओं को छिपाने के लिए कभी केंद्र सरकार पर हमला करते हैं तो कभी निजी अस्पतालों की आड़ लेते हैं।
गुप्ता ने कहा कि इससे साफ है कि केजरीवाल सरकार दिल्ली की जनता की हिमायती होने का सिर्फ दिखावा करती है। कुछ प्राइवेट अस्पतालों की अन्य राजनैतिक पार्टियों के साथ साठगांठ होने की बात कह रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि इन प्राइवेट अस्पतालों से ही आम आदमी पार्टी के नेताओं की साठगांठ चल रही है।
यही वजह है कि शिकायतें आने के बाद भी केजरीवाल सरकार ने सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वाकई प्राइवेट अस्पतालों को लेकर गंभीर है तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें, न कि टीवी पर आकर बयानबाजी। निजी लैब में टेस्टिंग बंद करने को लेकर सफाई तो दी, लेकिन यह नहीं बताया कि भविष्य में टेस्टिंग बढ़ाने को लेकर क्या तैयारी है।