दिल्ली के एलजी नजीब जंग के बृहस्पतिवार(22 दिसंबर) को अचानक इस्तीफा देने से हैरान मुख्यमंत्री केजरीवाल शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ही नाश्ते पर उनसे मिलने पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी उनके साथ थे।
केजरीवाल और जंग की यह मुलाकात करीब एक घंटे लंबी चली। मुलाकात के बाद जब केजरीवाल राजनिवास से बाहर आए तो उन्होंने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि दोनों की मुलाकात औपचारिक थी और नजीब जंग ने उन्हें बुलाया था।
जब केजरीवाल से जंग के इस्तीफे का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस्तीफा निजी कारणों से दिया गया है। गौरतलब है कि केजरीवाल ने कल जंग के इस्तीफे के बाद ट्वीट कर उनके फैसले पर हैरानी भी जताई थी और तुरंत उन्हें फोन कर बात भी की थी।बता दें कि नजीब जंग दिल्ली के 20वें उपराज्यपाल थे।