दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष और पेटिशन कमेटी की अध्यक्ष राखी बिडलान ने कहा है कि दो एमएलए की तरफ से भेजी गई शिकायत विस अध्यक्ष की तरफ से मिली है। शिकायत में कृष्णा गोदावरी बेसिन केस में आप सरकार के 49 दिन के कार्यकाल में मुकेश अंबानी के खिलाफ दर्ज एफआईआर मामले और शीला दीक्षित पर दर्ज 4 एफआईआर में कार्रवाई नहीं किए जाने पर उपराज्यपाल और एसीबी चीफ पर लापरवाही का आरोप है। इसमें पेटिशन कमेटी बृहस्पतिवार को बैठक कर रही है, जिसमें उपराज्यपाल को समन भेजने पर चर्चा होगी।
पेटिशन कमेटी की उपाध्यक्ष राखी बिडलान का कहना है कि कमेटी के पास किसी को भी समन भेजने का अधिकार है। दिल्ली सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल से इस मामले में राय मांग ली है। समिति अपनी शक्ति का इस्तेमाल करके उपराज्यपाल समेत जिसे भी जरूरत होगी, उसे समन भेजेगी।
शिकायत गंभीर है। बृहस्पतिवार को 3 बजे इस मामले में कमेटी की बैठक है। विधान सभा अध्यक्ष राम निवास गोयल का कहना है कि विधायक राजेंद्र पाल गौतम और सोमनाथ भारती की तरफ से नागरिक की शिकायत के साथ पत्र मिला था। शिकायत में गंभीरता दिखी, जिसे पेटिशन कमेटी को सौंप दी।