शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सबसे खास बात यह रही कि दिल्ली के 50 आम लोगों को भी विशेष मेहमान के तौर पर अलग से मंच दिया गया था। उन्हें दिल्ली के निर्माता नाम देकर सम्मानित किया गया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को सभी वर्गों के लोग चलाते है। दिल्ली को यहां के टीचर, डॉक्टर ऑटोवाले, रिक्शा वाले, स्टूडेंट, बस ड्राइवर, कंडक्टर और रेहड़ी वाले चलाते हैं। यही दिल्ली के निर्माता हैं। नेता आते जाते रहते हैं, लेकिन दिल्ली इन्हीं की वजह से आगे बढ़ती रहती है। भारत माता की जय, वंदे मातरम के साथ संबोधन की शुरुआत करते हुए यह भी कहा कि ये मेरी नहीं, दिल्लीवालों की जीत है। वोट देने वालों का भी और नहीं देने वालों का भी मुख्यमंत्री हूं। दिल्लीवालों के जिंदगी में खुशहाली लाने की कोशिश करूंगा।
हम होंगे कामयाब...
भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने पिछली बार की तरह गीत सुनाया। ये गीत था हम होंगे कामयाब एक दिन। पिछली बार मुख्यमंत्री ने मंच से इंसान का इंसान से हो भाईचारा गीत गाया था।
भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता शामिल हुए
मुख्यमंत्री अरविंद केजरवाल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा के सभी पार्षद व नवनिर्वाचित विधायकों को भी आमंत्रित किया गया था। इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता समारोह में पहुंचे। हालांकि अन्य विधायक अपने-अपने इलाके में धन्यवाद रैली में व्यस्त थे तो पार्षद भी नहीं पहुंचे। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिसे समारोह में आना होगा वो आएगा। जीत और सफलता का मूल मंत्र होता है झुक कर चलना। दिल्ली वालों के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर काम करेगी।
लोकतंत्र में नफरत की राजनीति का कोई स्थान नहीं: सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में नफरत की राजनीति का कोई स्थान नहीं है। मुख्यमंत्री ने पुरानी टीम में भरोसा कायम रखा है। अपने विश्वास को दोहराने का काम किया है।
दस गारंटी को पूरा करेंगे: मनीष सिसोदिया
कैबिनेट मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 10 गारंटी दिल्ली वालों को दी है। उन्हें हर हाल में पूरा करेंगे। आप ने अपने काम के आधार पर चुनाव जीता।