देश्ा में आम आदमी पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। इसमें ऑनलाइन माध्यमों से जुड़ने वालों की संख्या सबसे अधिक है।
आप के देशव्यापी सदस्यता अभियान के शुरुआती तीन दिनों में 3.50 लाख लोग अकेले ऑनलाइन माध्यमों से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके है।
इसमें एसएमएस, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और मिस्ड कॉल से जुड़ने वालों की संख्या शामिल है। आप के मुताबिक देशभर में पर्ची कटवाकर जुड़ने वालों की संख्या अधिक है। इसे 17 जनवरी के बाद सभी राज्यों से लेकर पूरा डाटा जारी किया जाएगा। आप का यह अभियान 26 जनवरी तक चलेगा।
अभियान शुरू, बल्लभगढ़ में निकली रैली
फरीदाबाद में आम आदमी पार्टी ने रविवार को बल्लभगढ़ ब्लॉक में सदस्यता अभियान शुरू कर दिया। अभियान की शुरुआत रैली से की गई जिसे बल्लभगढ़ की बाजार में निकाला गया।
आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिले में रविवार से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सदस्यों ने बल्लभगढ़ के बाजार से लेकर रिहायशी कॉलोनियों में जाकर लोगों से सीधा संपर्क साधा।
सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई रैली देर शाम तक घुमाई गई। इस दौरान सदस्यों ने आम लोगों को पार्टी की सदस्यता के फार्म बांटे। लोगों को पार्टी सदस्यों ने अपनी विचारधारा के माध्यम से जागरूक करने का प्रयास किया। इस दौरान सदस्यों ने दिल्ली की जीत का जिक्र भी लोगों के सामने किया।
पार्टी कन्वेनर डॉ. मनदीप कौशिक ने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान 26 जनवरी तक जिले में जारी रहेगा। अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी सदस्य रैली का आयोजन करेंगे और लोगों से संपर्क करेंगे। सदस्यता लेने के लिए कोई फीस नही है।