टैंकर घोटाले में केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, जिसका जवाब देने के लिए आज अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में पीएम मोदी पर हमला बोला। केजरीवाल बोले कि मोदी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा सब पर एफआईआर करके उन्हें डरा दिया लेकिन मैं नहीं डरूंगा।
इसके साथ ही केजरीवाल ने प्रधानमंभी को कुकर्मी तक कह दिया। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा पीएम के कुकर्मों के खिलाफ खड़ा रहूंगा। केजरीवाल ने कहा 6 महीने मोदी जी ने मुझपर सीबीआई रेड कराई थी, उस रेड का खर्चा भी नहीं निकला और वो रेड भी झूठी निकली। इसी तरह मोदी जी ने अब मुझपर टैंकर घोटाले के लिए एफआईआर की है, उनका ये एफआईआर भी फर्जी है।
केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस एफआईआर से 'आप मुझे डराना, धमकाना व तोड़ना चाहते हैं लेकिन आदरणीय श्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी जी ना मैं झुकने वाला हूं, ना डरने वाला हूं और ना ही टूटने वाला हूं।'
'मोदी जी आपकी लड़ाई सीधे मुझसे है'
केजरीवाल और पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
केजरीवाल ने मंगलवार को बुलाई अपनी प्रेस कांफ्रेंस में एक तरह से पीएम मोदी को चेतावनी देते हुए कहा कि देश में जहां भी कोई रोहित वेमुला होगा मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा। किसी दलित के खिलाफ अत्याचार होगा, किसान से उसकी रोटी छीनी जाएगी, स्वर्णकार के साथ अन्याय होगा मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा।
मुख्यमंत्री ने भाजपा शासित राज्यों में हुए कथित घोटालों पर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि जहां व्यापम घोटाले में शिवराज सिंह चौहान को बचाया जाएगा, ललित मोदी घोटाले में वसुंधरा राजे को बचाया जाएगा, जमीन घोटाले में आनंदी बेन पटेल को बचाया जाएगा, अगस्ता वेस्टलैंड मामले में सोनिया गांधी को बचाया जाएगा, 7000 करोड़ लेके विजय माल्या को भगा दिया जाए तब भी मैं खड़ा दिखूंगा।
केजरीवाल ने मोदी को संबोधित करते हुए ये भी कहा कि जब एक हत्यारे के साथ आपके नेता खड़े दिखेंगे तो मैं वहां नजर आऊंगा। वो आगे बोले कि आपने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा किसी के खिलाफ कोई एफआईआर नहीं की और मुझपर कर दी, यानी आप भी मानते हैं कि आपकी लड़ाई सीधे-सीधे मेरे साथ है।