मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी सरकार के एक साल पूरे होने और वेलेंटाइन डे पर जनता को पानी के बिलों पर माफी का गिफ्ट देने की घोषणा की।
इसमें 30 नवंबर तक के पानी (घरेलू श्रेणी व ग्रुप हाउसिंग सोसायटी) के बकाया बिल पर लेट पेमेंट सरचार्ज 100 फीसदी माफ करने के अलावा बाकी बिल में अलग-अलग श्रेणी में 25 फीसदी से 100 फीसदी तक सशर्त बिल माफ किया गया है।
नई दिल्ली के एनडीएमसी कंवेंशन सेंटर में करीब दो घंटे चले वर्षगांठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट ने टेलीफोन लाइन और ट्विटर पर आए सवालों के जवाब भी दिए।
दिल्ली सरकार की स्कीम 15 फरवरी से 31 जुलाई 2016 के बीच चलेगी। सरकार का 30 नवंबर तक जनता के पास 923.27 करोड़ रुपये लेट पेमेंट सरचार्ज समेत 2854.80 करोड़ रुपये का बकाया है।
योजना का लाभ लेने के लिए शर्त रखी
सरकार के इस गिफ्ट का फायदा 1187891 उपभोक्ताओं को होगा। योजना का लाभ लेने के लिए शर्त रखी है कि मीटर चालू हालत में होना चाहिए। बिल माफ करने के बाद अगर मीटर रीडर जाता है और मीटर खराब मिलता है तो पैसा वापस ले लिया जाएगा।
अगर मीटर नहीं है तो उपभोक्ता योजना के दौरान वेबसाइट पर दर्ज कंपनियों के मीटर खरीदकर लगवा सकते हैं। लगाए गए मीटर की सूचना जोनल रेवेन्यू ऑफिसर के पास देनी होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पानी बिलों के माफीनामा, अनाधिकृत कॉलोनी में पानी-सीवर कनेक्शन के लिए विकास शुल्क प्रति वर्ग मीटर महज 100 रुपये की योजना को 31 जुलाई तक करने की घोषणा के अलावा भविष्य की योजनाओं का खाका भी खींचा।
आज 20 नए पॉली क्लिनिक का होगा उद्घाटन
वहीं जो वादे अधूरे पड़े हैं, उन्हें पूरा करने का वादा मुख्यमंत्री ने किया। केजरीवाल ने जनता से शिकायत भी की कि जहां पाइप से पानी पहुंच गया है, वहां भी लोग टैंकर से फ्री पानी ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द कनेक्शन ले लें। जहां पाइप का पानी चला गया है, वहां से टैंकर हटा लिए जाएंगे। सरकारी जमीन पर बसीं 40-50 कॉलोनी को छोड़कर दिसंबर 2017 तक हर घर में पाइप से साफ पानी पहुंचाएंगे।
दिल्ली जल बोर्ड ने योजना बनाई है उसके हिसाब से ऐसा पानी देंगे, जिसके बाद दिल्ली बिना आरओ-फिल्टर वाला देश का पहला शहर बन जाएगा।
पानी को लेकर ये भी कीं घोषणाएं
-31 मार्च, 2016 तक सरकार 268 कॉलोनियों में पहुंचा देगी पाइप से पेयजल।
-दिसंबर 2017 तक दिल्ली के हर घर में पहुंचेगा पाइप से पीने का पानी। टैंकर की जरूरत नहीं होगी।
जहां पाइप से पानी पहुंच गया, वहां नागरिक कनेक्शन ले लें। सरकार इन कॉलोनियों में टैंकर से पानी की आपूर्ति बंद करेगी
-अनधिकृत कॉलोनी में डेवलपमेंट चार्ज में छूट की योजना 30 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। सिर्फ 100 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से चुकाना होता है। पहले ऐसा करने पर 1.14 लाख उपभोक्ताओं ने कनेक्शन लिया है।