स्नेह और सुमन का गांववालों ने किया सम्मान
ऑस्कर अवार्ड जीतने वाली काठीखेड़ा की स्नेह और सुमन ने किसी स्टूडियों में काम नहीं किया बल्कि उनकी फिल्म के मुख्य भाग की शूटिंग लकड़ी की कड़ियों से बने उक्त कोठे में हुई जहां वह पैड बनाने का काम करती हैं। आने वाली पीढ़ी के लिए अच्छी खबर है कि हापुड़ शहर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य स्टूडियो बनने जा रहा है।
यह स्टूडियो मेरठ रोड पर एसडीए मिशन अस्पताल के पास बनेगा। इसके लिए हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने मानचित्र भी स्वीकृत कर दिया है। वर्ष 1919 में स्थापित एसडीए सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी सड़क के दूसरी ओर है। यह स्कूल इस सेशन में अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है। इस स्कूल के प्रधानाचार्य डा. अतर सिंह का कहना है कि एसडीए मिशन के दिल्ली स्थित मुख्यालय ने उक्त स्टूडियो के लिए करीब डेढ़ करोड़ स्वीकृत किए हैं। जबकि पर्याप्त जमीन संस्था के पास पहले से ही थी।
उनका कहना है कि इस स्टूडियों में बच्चों के लिए फिल्मों की शूटिंग होगी व युवक-युवतियां यहां फिल्म मेकिंग, शूटिंग, फोटोग्राफी आदि का प्रशिक्षण ले सकेंगे। उनका कहना है कि शहर के युवाओं को भी इस स्टूडियो के माध्यम से कुछ कर दिखाने का मौका मिलेगा। उनका मानना है कि अगले वित्तीय वर्ष के अंत तक स्टूडियो बनकर तैयार हो जाएगा।