पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उतरी दिल्ली नगर निगम के मेटरनिटी कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टरों ने आगामी 16 जून से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टर एसोसिएशन ने पत्र लिखते हुए मांग की है कि उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है।
इस वजह से उनके आगे आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बिना वेतन के घर चलाना बहुत मुश्किल है । यही वजह है कि डॉक्टर जरूरत का सामान भी नहीं खरीद पा रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि यदि हमें 16 जून तक वेतन नहीं मिला तो बड़े स्तर पर अस्पताल के सभी डॉक्टर इस्तीफा दे देंगे।
कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर सुनील प्रसाद ने बताया कि हम काफी समय से वेतन की मांग कर रहे हैं, लेकिन निगम ने फंड की कमी का कारण बताया है।
डॉक्टर ने कहा कि यदि हमें प्रशासन की ओर से वेतन नहीं मिलेगा तो हम निजी अस्पतालों में काम करने के लिए मजबूर होंगे, क्योंकि अब हमारे आगे आर्थिक संकट बढ़ गया है।
गौरतलब है कि उतरी दिल्ली का निगम में पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने के कारण शिक्षक से लेकर स्वास्थ्यकर्मी भी परेशान हैं।यही वजह है कि आए दिन निगम में कर्मचारियों के हड़ताल के मामले में सामने आते रहते हैं।
हालांकि, इसको लेकर प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के वेतन का भुगतान के लिए दिल्ली सरकार से लगातार फंड की मांग की जाती है, लेकिन फंड न मिलने के कारण वेतन का भुगतान करना मुश्किल हो जाता है।