करवा चौथ की रौनक बाजारों में दिखने लगी है। सौभाग्य का व्रत करवा चौथ 11 अक्तूबर को है। इस दिन सौभाग्यवती महिलाएं सोलह शृंगार करके पूजन करती हैं और पति की लंबी आयु की कामना करती हैं।
व्रत के लिए पांच दिन बचे हैं, जिसकी वजह से करवा चौथ की खरीदारी करने वालों से बाजार गुलजार दिख रहे हैं। कहीं चूड़ी तो कहीं मैचिंग ज्वैलरी खरीदने के लिए महिलाएं बाजार के चक्कर लगा रही हैं।
साड़ियों और मैचिंग सेंटर पर सबसे अधिक भीड़ दिखाई दी। इस बार भी मार्केट में लहंगा साड़ी का ही क्रेज दिखाई दे रहा है। यह साड़ियां लहंगा स्टाइल में डिजाइन की गई हैं, जो सेमी स्टीच्ड होती हैं।
इसके अलावा मार्केट में कई तरह की चूड़ियां आई हैं, जिसमें पति-पत्नी के नाम लिखी हुई चूड़ियों की डिमांड सबसे ज्यादा है। करवा चौथ के लिए 15 दिन पहले से पार्लर की बुकिंग हो गई है।
मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और साड़ी बांधने के लिए करवा चौथ के दिन की बुकिंग पहले से ही हो चुकी है। सोनी ब्यूटी पार्लर की संचालिका सोनी संपत ने बताया कि करवा चौथ के दिन केलिए चार एक्सट्रा स्टाफ तैनात किए जाएंगे।