बुधवार यानी 4 नवंबर को करवा चौथ है। सभी महिलाएं पति की दीघार्यु के लिए यह व्रत रखती है। नवविवाहित जोड़ियां अपने पहले करवाचौथ पर खासा उत्साहित होते हैं। वहीं इस बार अधिकतर शादियां लॉकडाउन के दौरान हुई और अनलॉक की स्थिति में पहला करवा चौथ आया है। कोरोना काल को देखते हुए कई जोड़ियों को निराशा हुई तो कईयों ने मिलकर खास बनाने की योजना बनाई है।
नवविवाहितों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से शादी व अन्य रीतिरिवाजों को साधारण तरीके से मनाया था, लेकिन वे करवाचौथ को एक उत्सव की तरह मनाएंगे। इस दिन महिलाएं चांद के संग पति के दीदार को यादगार बनाएंगी। इसके लिए कई जोड़ियों द्वारा अपना फोटोशूट कराने की तैयारी भी की गई है।
अधिकतर नवविवाहित पति भी अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रख रहे हैं। शादी के बाद पहले करवा चौथ को लेकर जोड़ियों में उत्साह होता है। पहली बार महिला अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती है।
चांद के साथ होगा फोटोशूट
लॉकडाउन के दौरान ही शालिनी और विवेक की शादी हुई थी। शालिनी ने बताया कि कोरोना के डर से कम ही रीतिरिवाजों को पूरा किया जा सका था। लेकिन इस करवाचौथ को वो यादगार बनाना चाहती है। इसके लिए उन्होंने फोटोशूट कराने की योजना बनाई है। वह करवा चौथ की रीति-रिवाजों को पूरा कर एक दूसरे के लिए लम्बी उम्र की कामना करेंगे।
एक दूसरे के लिए रखेंगे व्रत
कोरोना काल के दौरान ही सेक्टर-9 निवासी अंकुर चौहान और गौरव तंवर की शादी हुई। दोनों ही नौकरी करते हैं लेकिन दोनों के वर्क फ्रॉम होम ने उन्हें एक दूसरे के साथ अधिक समय मिला। इससे दोनों में अधिक प्रेम बढ़ा है। वह इस करवा चौथ एक दूसरे के लिए उपवास रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह इस कोरोना काल से बचाए रखने की भी कामना करेंगे।
पति से लगवाई मेहंदी
करिश्मा शर्मा और अमित शर्मा का यह पहला करवा चौथ है। उस मौके पर कोरोना काल ने करिश्मा को काफी निराश किया था। वहीं फिर दोनों ने मिलकर इसे खास बनाने की योजना बनाई है। दरअसल पति अमित शर्मा ने खुद उनके मेहंदी लगाई है। वहीं व्रत के बाद खाने की तैयारी भी दोनों मिलकर ही करेंगे। पत्नी करिश्मा का कहना है कि इस तरह यह त्योहार उनके लिए खास होने वाला है।