अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मशहूर पंजाबी पॉप सिंगर करण औजला का लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। आर्टिस्ट की पॉपुलैरिटी को देखते हुए 45,000-50,000 ऑडियंस/दर्शकों के स्टेडियम में आने की संभावना है। इस कॉन्सर्ट के चलते स्टेडियम के आसपास बड़े पैमाने पर ट्रैफिक प्रभवित होने की संभावना है। प्रोग्राम में आने वाले दर्शकों की एंट्री के लिए जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर 2, गेट नंबर 6, गेट नंबर 8, गेट नंबर 13, गेट नंबर 14 और गेट नंबर 21 से होगी। वीआईपी की एंट्री जेएनएल स्टेडियम के गेट नंबर-13 से होगी। आर्टिस्ट, ऑर्गनाइजऱ और टीम मेंबर की एंट्री स्टेडियम के गेट नंबर 6 से होगी। स्टेडियम के गेट नंबर-1 और गेट नंबर 10 को इमरजेंसी के लिए रखा गया है।
यहां बनी है पार्किंग :
वीआईपी की गाड़ियों की पार्किंग जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर 1 के अंदर, वेस्ट ब्लॉक, ओपन स्पेस एरिया में होगी। दर्शकों/आम लोगों के लिए पार्किंग सेवा नगर बस डिपो, सुनहरी पुल्ला बस डिपो, सीजीओ कॉम्प्लेक्स पार्किंग, स्कॉप कॉम्प्लेक्स पार्किंग और जेएलएन गेट नंबर 7 से 9 पर उपलब्ध होगी। दर्शकों की सुविधा के लिए आयोजकों ने इन सभी पार्किंग जगहों को बुक कर लिया है।
बैरिकेडिंग पॉइंट/ट्रैफिक डायवर्जन : शाम 4 बजे से रात 10 बजे के बीच कई सड़कों/रास्तों पर ट्रैफ़िक पाबंदियां लागू रहेंगी। जेएलएन रेड लाइट बीपी मार्ग से आने वाली गाड़ियों को जेएलएन रेड लाइट पर मेहरचंद मार्केट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। फोर्थ एवेन्यू और गुर्जर चौक से आने वाले ट्रैफिक को बारापुला/जेएलएन सर्विस रोड पर जाने की इजाजत नहीं होगी। उनके पास या तो यू-टर्न लेने या गुर्जर चौक की तरफ दाएं जाने का ऑप्शन होगा। फिफ्थ एवेन्यू रोड की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को जेएलएन सर्विस रोड की तरफ जाने की इजाजत नहीं होगी। उन्हें फिफ्थ एवेन्यू रोड यू-टर्न लेने के लिए कहा जाएगा। प्रगति विहार रेड लाइट लोधी रोड से आने वाले ट्रैफिक को प्रगति विहार रेड लाइट से आगे जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके बजाय, ट्रैफिक स्टाफ़ ट्रैफिक को लोधी रोड की ओर यू-टर्न लेने के लिए कहेगा। इसके समेत कई जगहों पर प्रतिबंध है।