दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल की संपत्ति तेजी से बढ़ रही है। बीते पांच साल में सिब्बल की संपत्ति में तीन गुना इजाफा हुआ है। जबकि दस साल में यह आंकड़ा सात गुना से भी ज्यादा है।
जमीन व शेयर में निवेश के शौकीन सिब्बल के पास दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव, लुधियाना, चंडीगढ़, सिकंदराबाद, पटना व बंगलूरू में कृषि भूमि, रिहायशी व कॉमर्शियल प्लॉट हैं। इतना ही नहीं उन्होंने दो नई प्रॉपर्टी खरीद का एडवांस भी दिया हुआ है। उन्होंने शेयर बाजार व म्यूचुअल फंड में 5.82 करोड़ का निवेश किया है।
वहीं करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिल्ली, चंडीगढ़ और गाजियाबाद के आधा दर्जन बैंको के 11 खातों में भी जमा हैं। हालांकि गाजियाबाद के नेहरू नगर की यूटीआई बैंक ब्रांच में सिर्फ 80 रुपये तो संसद मार्ग के स्टैंडर्ड चार्टेड बैंक के एक अकाउंट में 112 रुपये की नकदी बची है।
दस सालों में कुछ यूं बढ़ती गई संपत्ति
चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी कपिल सिब्बल ने जो शपथपत्र नामांकन के साथ दाखिल किया है, इसके हिसाब से पति-पत्नी के पास 114.46 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति है।
जबकि 2009 के चुनाव में इनके पास 31.97 करोड़ रुपये तो 2004 के चुनाव में 15.88 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। हालांकि आज की तरह 2009 के चुनाव में भी सिब्बल के पास एक मोटरसाइकिल समेत छह वाहन ही थे लेकिन एक पुरानी कार हटाकर उसकी जगह नई मारुति डिजायर कार जुड़ गई है।
कपिल सिब्बल ने 2012-13 व 2013-14 में आय 77.08 लाख व पत्नी प्रोमिला सिब्बल ने 28.73 लाख रुपये आयकर रिटर्न में दिखाई है।
देशभर में फैला है सिब्बल का नेटवर्क
कपिल सिब्बल के पास एक किलो सोना समेत 38.30 लाख रुपये के जेवर व कीमती पत्थर हैं वहीं उनकी पत्नी के पास 3969 ग्राम सोना समेत 63.75 लाख रुपये के जेवरात व कीमती पत्थर हैं।
सिब्बल के पास बंगलूरू में चार एकड़ तो दिल्ली में एक एकड़ कृषि भूमि है। गैर कृषि योग्य भूमि गुड़गांव, फरीदाबाद में है। जबकि कॉमर्शियल भवन लुधियाना में दो, चंडीगढ़ में तीन, दिल्ली में तीन, बंगलूरू में एक, सिकंदराबाद में दो, पटना में एक और गुड़गांव में एक है।
एक एनफिल्ड बुलेट मोटर साइकिल के अलावा एक इलेक्ट्रिक कार रेवा, हुंडई सोनाटा जीप, टोएटा कोरोला कार, सुजुकी एस्कुडो और एक मारुति डिजायर कार भी है।
'चांदनी चौक में नहीं है मोदी की हवा'
गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने मोदी पर हमला बोला। सिब्बल ने कहा कि चांदनी चौक में मोदी की हवा नहीं है। यहां मोदी समेत विपक्षी पार्टी की हवा निकल चुकी है।
सिब्बल ने कहा कि चांदनी चौक की जनता कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा करती है। भाजपा व AAP के प्रत्याशी बाहरी हैं। मोदी का निशाना साधते हुए कहा कि जो अपने राजनीतिक गुरु का नहीं हो सका वह किसी और का कैसे होगा।
भाजपा के टिकट बंटवारे पर चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी कहती है कांग्रेस में एक आदमी की चलती है। लेकिन जिस तरीके से भाजपा में टिकट बंटवारे पर रूठने मनाने का दौर चल रहा है, उससे साफ हो रहा है कि पीएम के प्रत्याशी ही टिकट तय कर रहे हैं।