पूर्व मंत्री व विधायक कपिल मिश्रा आगामी बजट सत्र में ठेकेदारी प्रथा से जुड़ा प्राइवेट मेंबर बिल पेश करने जा रहे हैं। दिल्ली कॉन्ट्रेक्ट सिस्टम अबोलिशन एक्ट-2019 में दिल्ली में ठेकेदारी प्रथा बंद करने और ठेके के सभी कर्मचारियों को पक्का करने प्रावधान होगा।
कपिल मिश्रा के मुताबिक, 22 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र में वह इसे पेश करेंगे। इससे पहले फरवरी के पहले सप्ताह में इस पर विशेषज्ञों की राय भी जुटाई जाएगी। इसके लिए एक व्हाट्सएप नंबर 9811134552 भी जारी किया है।
इस बिल में दिल्ली में ठेकेदारी प्रथा खत्म करने का प्रावधान है। ठेके पर काम करने वाले सभी कर्मियों को सीधे सरकार के डेली वेज में माना जाएगा। 240 दिन में वह खुद ही पक्के हो जाएंगे। इस बिल के पास होने से समान काम करने वाले कर्मियों को समान वेतन मिलेगा।
वहीं, पेंशन समेत दूसरी सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके दायरे में डीटीसी, बीएसईएस, दिल्ली जल बोर्ड के अलावा अतिथि शिक्षक, सभी विभागों के डाटा इंट्री आपरेटर व नगर निगम के कर्मी आएंगे। कपिल मिश्रा ने बताया कि बजट सत्र में प्राइवेट मेंबर बिल के तौर पर इसे विधानसभा में पेश किया जाएगा। अगर सदन सहमत हुआ तो यह कानून बन जाएगा।