दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिये एक बार फिर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के एक रि-ट्वीट पर तंज कसा है कि शुक्रवार को वह इसका जवाब देंगे।
कपिल मिश्रा ने चुनौती दी है कि इस खुलासे से केजरीवाल के झूठ का पर्दाफाश होगा। साथ ही एक बार फिर साबित हो जाएगा कि केजरीवाल की हवाला कारोबारियों से साठगांठ है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को एक न्यूज चैनल का वीडियो शेयर किया।
इसमें खुद को मुकेश शर्मा बताते हुए एक व्यक्ति ने दावा किया कि जिन चार कंपनियों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी को 50-50 लाख रुपये के चार चेक दिए थे, उसके मालिक वही हैं। अभी तक इन कंपनियों को फर्जी बताया जा रहा था।