सर्जिकल स्ट्राइक को पाकिस्तान के फर्जी बताने पर केजरीवाल के सवाल से उठे बवाल पर कपिल मिश्रा ने दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा पर हमला कर उन्हें कवर फायर दिया।
केजरीवाल के बयान पर उनके गुरु अन्ना हजारे सहित विपक्ष के लगातार हमला बोलने पर कपिल की रणनीति ने आप नेताओं को मुद्दा बदलने व राजनैतिक लाभ पाने में थोड़ी राहत भी दी।
अफजल गुरु को चार वर्ष पूर्व फांसी दिए जाने के बाद कश्मीर में हुए विरोध पर कपिल ने उस समय भी पीडीपी व जम्मू-कश्मीर सरकार से सवाल पूछे थे कि वे अफजल को आतंकी मानते हैं या नहीं है।
दरअसल, आतंकी हमलों के बीच कश्मीर में पीडीपी से भाजपा के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी सवाल उठाती रही है। कपिल ने इसके लिए जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखे थे कि वे बुरहान वानी, अफजल व जेएनयू में देश विरोध नारे लगाने वालों को देश विरोधी मानते हैं या नहीं।
एजेंडा तो पुराना था, लेकिन सर्जिकल स्ट्राइक व कश्मीर में चल रही हिंसा पर जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को दिल्ली के कार्यक्रम में घेरने व अरविंद केजरीवाल के बयान पर हमले के बीच इसे केजरीवाल को कवर फायर देने के अलावा राजनैतिक माइलेज की कोशिश भी माना जा रहा है।