कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के शासन-प्रशासन ने कमर कस ली है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में रविवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकारियों की समन्वय बैठक में कांवड़ यात्रा में सुरक्षा, यातायात, सड़क, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था पर मंथन हुआ।
बैठक के बाद मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश अनूप चंद्र पांडेय ने कहा कि वह कुंभ मेले की तर्ज पर ही कांवड़ यात्रा का आयोजन कराएंगे। वहीं, डीजीपी ओपी सिंह ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का दावा करते हुआ कहा कि आतंकी खतरों को देखते हुए यात्रा के दौरान एटीएस की तैनाती की जाएगी और आईबी से निरंतर संपर्क रखा जाएगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर एक्सपो मार्ट में छह राज्यों के अधिकारियों की बैठक दोपहर लगभग 11:30 बजे शुरू हुई। बैठक में छह राज्यों के प्रतिनिधि आला अधिकारियों के अलावा मेरठ और सहारनपुर मंडल के सभी बड़े पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। ढाई घंटे तक चली बैठक में अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात आदि को लेकर एक दूसरे से तालमेल रखने और किसी भी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई व नियंत्रण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने कहा कि 17 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होगी। यात्रा से पहले सड़क का पैच का वर्क, गंग नहर की पटरी, जर्जर विद्युत लाइन, प्रकाश व्यवस्था आदि का मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जगहों पर सफाई अभियान चलाने और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मीट-मांस की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।