भक्ति के रंग में रंगी राजधानी, फिल्मी धुनों पर बने शिव भजनों के साथ झूम रहे हैं कांवड़िया
शिविरों में दिन-रात गूंज रहे भजन, तांडव नृत्य देखने के लिए रुक रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी में कांवड़ यात्रा अब पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में रंग चुकी है। गोमुख और हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंच रहे कांवड़िया जहां कठिन पैदल यात्रा पूरी कर भोलेनाथ के दर्शन की तैयारी में जुटे हैं, वहीं शिविरों में पहुंचकर भक्ति के साथ उत्साह और मस्ती का भी आनंद ले रहे हैं। पूरी दिल्ली में लगाए गए कांवड़ शिविरों में दिनभर भगवान शिव से जुड़े भजन गूंज रहे हैं। खास बात ये है कि कई शिव भजन फिल्मी गानों की लोकप्रिय धुनों पर तैयार किए हैं, जिन पर कांवड़िया खुद को नाचने से नहीं रोक पा रहे हैं। कई शिविरों में कांवड़िया पूरे जोश के साथ नृत्य करते नजर आ रहे हैं। कुछ कांवड़िया भगवान शिव के प्रिय तांडव नृत्य की प्रस्तुति भी दे रहे हैं। शिविरों के सामने से गुजर रहे लोग भी कांवड़ियों के इस उत्साह को देखने के लिए रुक जाते हैं। थकान भरी यात्रा के बाद शिविरों में मिलने वाला संगीत और भक्ति का माहौल कांवड़ियों में नया जोश भर रहा है।
कांवड़ियों की सेवा के लिए दिल्ली सरकार और धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने राजधानी में जगह-जगह शिविर लगाए हैं। प्रमुख मार्गों पर बने कई शिविरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। कई स्थानों पर कांवड़ियों को विश्राम के लिए जगह मिलने का इंतजार भी करना पड़ रहा है।
डाक कांवड़ के लिए हरिद्वार रवाना होने लगे शिवभक्त
नई दिल्ली। शिवरात्रि पर भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने के लिए राजधानी से डाक कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं ने हरिद्वार जा रहे हैं। बृहस्पतिवार से बड़ी संख्या में शिवभक्त टोलियों के रूप में हरिद्वार के लिए रवाना हुए। डाक कांवड़ के लिए जाने वाले श्रद्धालु टेंपाे और अन्य वाहनों में भजन बजाते हुए और नाचते-गाते हुए हरिद्वार की ओर जाते नजर आए। राजधानी से निकलने वाली डाक कांवड़ की टोलियों में युवाओं की संख्या अधिक है।