समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि कैराना मामले का सच उजागर किया जाएगा। भाजपा कैराना के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
यही वजह है कि पलायन करने वाले परिवारों की ऐसी लिस्ट जारी कर दी गई, जिसमें शामिल लोग व्यापार व अन्य वजह से कैराना से बाहर गए हैं।
उन्होंने यह बातें नोएडा स्थित डीएनडी टोल प्लाजा पर कही। वह राज्यसभा सांसद बनने के बाद बुधवार को नोएडा पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि जल्द ही वह कैराना जाएंगे और वहां जमीनी हकीकत का पता करेंगे। इसके बाद वहां से बाहर गए हुए लोगों की लिस्ट बनाई जाएगी।
इसका पता लगाएंगे कि किस वजह से ऐसे लोग कैराना से बाहर गए हैं। भाजपा की तुष्टिकरण की राजनीति को जनता के सामने लाया जाएगा।
सपा ने पिछले चार वर्ष में प्रदेश में काफी विकास किया है और आगे भी करती रहेगी। पश्चिमी यूपी में पार्टी की ताकत बढ़ी है। विकास कार्यों के दम पर सपा आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता पर काबिज होगी।