आमंत्रण कबड्डी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को धूल चटाने वाले हरियाणा के खिलाड़ी अब एक बार फिर पाकिस्तान व इराक की टीम से दो-दो हाथ करेंगे।
इसके लिए हरियाणा की टीम का चयन कर लिया गया है। जो दस मार्च को पाकिस्तान के लिए रवाना हो जाएगी। टीम के रवाना होने से पहले सेक्टर-12 में अभ्यास कैंप लगाया गया है।
टीम में फरीदाबाद के छह, मेवात व गुड़गांव के दो-दो खिलाड़ी शामिल हैं जो पाकिस्तान दौरे पर जाएंगे। कैंप में पहले ही दिन से खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे हैं।
वर्ल्ड अमैच्योर कबड्डी फेडरशन के सचिव बीएस चपराना ने बताया कि पाकिस्तान के फैसलाबाद में 13 से 16 मार्च तक चार दिवसीय लायल इंटरनेशनल गोल्ड कप कबड्डी टूर्नामेंट खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट इकबाल स्टेडियम में आयोजित होगा।
चपराना ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए 10 खिलाड़ी, एक कोच और एक टीम मैनेजर 10 मार्च को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के आने-जाने व रहने का खर्चा फेडरेशन वहन करेगा। उन्होंने कहा कि ईरान की टीम हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए नई होगी। फिर भी हरियाणावी खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरपूर हैं।