वर्ल्ड एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित भारत-पकिस्तान कबड्डी मैच रविवार देर शाम संपन्न हो गया। चार मैचों में से तीन जीतकर भारत विजेता बना। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-1 से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
भारत-पाक कबड्डी का फाइनल मुकाबला गांव मेवला महाराजपुर में खेला गया। शुरुआती दौर में भारत ने प्वाइंट लेने के कई मौके गंवाये, लेकिन दूसरे हाफ में अजय चंदीला, यशवीर और सोनीपत के राधे की बदौलत टीम 27-16 से जीतने में सफल रही। भारत की टीम से रमन और दीपक ने चार-चार प्वाइंट लिए। जबकि पाकिस्तान के कप्तान चीमा का प्रदर्शन शानदार रहा, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिलवा सके।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा ने भारतीय टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दो देशों के बीच ऐसे टूर्नामेंट भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर भारतीय टीम की जीत का जश्न गांववासियों ने ढोल-बाजे व आतिशबाजी से किया।
बता दें कि पहला टूर्नामेंट गुड़गांव में खेला गया था, जिसमें भारत ने 36-32 से पाकिस्तान को हराया। दूसरा मैच गांव नीमका में खेला गया, जिसमें 46-41 से भारत ने जीत दर्ज की। मोहना में हुए तीसरे मैच में पाकिस्तान की टीम भारी पड़ी, लेकिन फाइनल मुकाबला भारत ने जीतकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।