मुरादाबाद में बंद पड़ा सराफा बाजार
- फोटो : राहुल भटनागर
पिछले कई दिनों से चल रही ज्वेलर्स की हड़ताल 7 मार्च तक जारी रहेगी। दुकानें पूरी तरह से बंद रहें, इसके लिए गांव के ज्वेलर्स के साथ मीटिंग की जा रही हैं। रविवार के दिन हरौला, भंगेल के ज्वेलर्स के साथ मीटिंग की जाएगी और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
बता दें कि ज्वेलरी मेकिंग पर 1 फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगाने के नियम को लेकर देश भर के ज्वेलर्स 1 मार्च से हड़ताल पर चल रहे हैं। इसके तहत जिले में करीब 170 दुकानें बंद चल रही हैं। इस वजह से अब तक 250 करोड़ तक का नुकसान हो चुका है। 2 दिनों में ये नुकसान और बढ़ जाएगा। दुकानों की बंद की वजह से सोना खरीदने वालों को खासी दिक्कत हो रही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया इसके विरोध में सभी ज्वेलर्स की दुकानें बंद चल रही है। छोटे- छोटे गांव के ज्वेलर्स को भी इससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है। हालांकि गांव की भी अधिकतर दुकानें बंद हैं।
लेकिन फिर भी उनकेसाथ मीटिंग की जाएगी। अभी फिलहाल 7 मार्च तक हड़ताल चलेगी। सरकार से अनुरोध है कि वो जल्द से जल्द इस नियम को वापस लें।