देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
वहीं दूसरी ओर हादसे वाली जगह पर मंगलवार देर रात तक मलबा हटाने का काम जारी था। देर रात तक रेस्क्यू दल ने मौके से मकान के अंदर का मलबा साफ कर दिया था। हालांकि बाहर की ओर अभी कुछ मलबा पड़ा है। बचाव के दौरान पुलिस को मलबे से कोई और नहीं मिला। पुलिस बाकी का बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
ज्वाला नगर हादसे में दो की मौत, परिवार का गंभीर आरोप
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले देवांश (4) और रामगोपाल उर्फ पिंटू (35) का शव परिवार के हवाले कर दिया गया। पिंटू का शव परिवार आगरा लेकर रवाना हो गया। देवांश और पिंटू के परिवारों ने प्रशासन व सरकार पर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार ने सरकार से लगाई गुहार, नहीं मिली कोई मदद
दोनों का कहना था कि हादसे को 36 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली है। मकान गिरने के बाद सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया था। परिजनों का कहना था कि देवांश और पिंटू दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में सरकार को कुछ मदद करना चाहिए थी।
दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती पिंटू के भाई विकाश उर्फ विकेश, अमन उर्फ डब्बा और आकाश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अस्पताल में दिलीप उर्फ डिंपा और देवांश की मां खुशबू का उपचार जारी है। फिलहाल खुशबू की हालत नाजुक बताई जा रही है। देवांश के परिवार ने देर शाम गीता कालोनी श्मशान घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।