फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुनैद हत्याकांड: पुलिस ने दो आरोपियों से बरामद किए खून से सने कपड़े, जांच के लिए लैब भेजा

Sat, 01 Jul 2017 09:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
जुनैद की हत्या में गिरफ्तार आरोपी। - फोटो : ANI
विज्ञापन
जुनैद हत्याकांड में रिमांड पर लिए गए आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदर और गौरव की निशानदेही पर पुलिस ने उनके खून से सने कपड़े शनिवार को बरामद किए। आरोपियों के मुताबिक, वारदात के समय उन्होंने यही कपड़े पहन रखे थे। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस इन खून से सने कपड़ों को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भिजवा दिया है। 
विज्ञापन


रिमांड का समय पूरा होने पर शनिवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जज ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस अभी तक हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त तक नहीं पहुंच सकी है। 

मालूम हो कि खंदावली निवासी जुनैद की 22 जून को दिल्ली-मथुरा शटल में कुछ लोगों ने चाकू मार कर हत्या कर दी थी। दोनो पक्ष में सीट को लेकर शुरू हुए विवाद ने धार्मिक रंग ले लिया था। बल्लभगढ़ से असावटी स्टेशन के बीच हमलावरों ने जुनैद और उसके भाइयों पर चाकू से वार किए थे। वारदात में जुनैद की मौत हो गई थी। 
विज्ञापन


इस मामले में पुलिस ने खांबी गांव निवासी प्रदीप, रामेश्वर, गौरव और चंद्र प्रकाश को गिरफ्तार किया था। पुलिस चारों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। चंद्रप्रकाश और गौरव ने पुलिस को हत्याकांड के बारे में कुछ अहम जानकारियां दीं। इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने वह कपड़े भी बरामद कर लिए जो उन्होंने वारदात के समय पहने थे। एक अन्य आरोपी ने भी पुलिस को वारदात से संबंधित अहम सुबूत उपलब्ध कराए। 

डीसीपी जीआरपी महेंद्र वर्मा ने बताया कि दो आरोपियों की निशानदेही पर खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी का स्केच सोमवार को तैयार करवाया जाएगा। रिमांड खत्म होने पर चारों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।  
विज्ञापन

अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ मुख्य आरोपी

मृतक जुनैद की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
जुनैद हत्याकांड में आठ दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होना व जुनैद के भाई शाकिर व मोहसीन को जांच में शामिल न करना पुलिस को संदेह के घेरे में खड़ा कर रहा है। एक तरफ जहां मृतक के परिजनों का पुलिस के ऊपर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ रहा है, वहीं  इस मामले में खांबी गांव के चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ रहे लोगों के आक्रोस ने पुलिस की सिरदर्दी और बढ़ा दी है। 

पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। वहीं शनिवार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी खांबी गांव के रामेश्वर द्वारा झगड़े के बारे में बताई गईं कुछ बातों ने भी पुलिस को उलझाकर रख दिया है। हालांकि शनिवार को भी पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें