दिल्ली-मथुरा शटल में बृहस्पतिवार रात हुई वारदात के बाद अब पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने की कवायद शुरू हो गई है। रविवार को पृथला के विधायक टेकचंद शर्मा पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी की तरफ से 5 लाख रुपये का चेक मृतक जुनैद के पिता जलालुद्दीन को सौंपा। इसके साथ ही घायल शाकिर को डीसी रेट पर नौकरी देने की घोषणा की।
इसके अलावा गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे हरियाणा वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष व पुन्हाना के विधायक रहीस खान ने पीड़ित परिवार को वक्फ बोर्ड की तरफ से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद और घायल हाशिम को वक्फ बोर्ड में मौलवी की नौकरी देने की घोषणा की। मौके पर नूंह से इनेलो विधायक जाकिर हुसैन ने कहा कि जुनैद और उनके साथियों के साथ तुगलकाबाद से लेकर असावटी रेलवे स्टेशन तक मारपीट होती रही। इतने लंबे सफर में कहीं पर किसी पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मी ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
ऐसे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सरकार की तरफ से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मौके पर विधायक टेकचंद शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद कराने के बारे में वे चंडीगढ़ जाकर मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बातचीत करेंगे।
शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए गांव पहुंचे जमात-ए-इस्लाम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौलाना नुसरत अली खान ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए 25 हजार रुपये की राशि दी। उनके साथ पार्टी के दिल्ली और हरियाणा के अध्यक्ष अब्दुल वईद, वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कासिम इलियास रसूली भी थे। पृथला से भाजपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े उम्मीदवार नयनपाल रावत और जिला परिषद के सदस्य अवतार सिंह सारंग ने भी संवेदनाएं व्यक्त की।