राष्ट्रीय राजधानी में सफरदजंग हवाई अड्डे पर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) समेत विमानन से जुड़े सभी प्राधिकरणों और शाखाओं के संयुक्त कामकाज के लिए कार्यालय का विस्तार अभी नहीं हो पाएगा। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने संयुक्त कार्यालय विस्तार की परियोजना को पर्यावरण मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। साथ ही, पूर्व में पर्यावरण मंजूरी की शर्तों के गंभीर उल्लंघन पर कारण बताओ नोटिस देकर परियोजना से जुड़े प्राधिकरणों को स्पष्ट जवाब देने को कहा है।
पर्यावरण की विशेष समिति ने कहा कि बीते वर्ष मंत्रालय की क्षेत्रीय समिति ने जांच रिपोर्ट में पाया था कि पूर्व में दी गई निर्माण परियोजना की पर्यावरण मंजूरी में शर्तों का पालन ढंग से नहीं किया गया। मंत्रालय के जरिये परियोजना प्राधिकरणों को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। परियोजना प्रस्तावक के मुताबिक, पूर्व में मामला स्थापना की अनुमति से जुड़ा था।
हालांकि समिति ने कहा है कि कारण बताओ नोटिस का पहले जवाब दाखिल करें इसके बाद ही कार्यालयों की विस्तार परियोजना को पर्यावरण मंजूरी देने पर विचार किया जाएगा। सफदरजंग हवाई अड्डे पर डीजीसीए समेत भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण (एईआरए) भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), विमान दुर्घटना जांच शाखा (एएआईबी) और अन्य प्राधिकरणों के संयुक्त कामकाज के लिए कार्यालय का करीब दोगुना विस्तार किया जाना है। अभी कार्यालय का निर्मित क्षेत्र 37,756.14 वर्गमीटर है जबकि विस्तार के बाद यह 70,940 वर्गमीटर होगा।