दो घंटे की बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर 25 घंटे के महाजाम को लेकर फजीहत झेलने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक के प्रभार में फेरबदल किया है।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इसे लेकर ठोस कदम उठाने का आदेश दिया था, जिसके बाद पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क ने संयुक्त आयुक्त वाई. पूरन कुमार को गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस का प्रभार सौंपा है। अभी तक यह प्रभार डीसीपी क्राइम बलबीर सिंह के पास था। जाम के बाद उनके काम के तरीके पर सवाल उठ रहे थे।
बता दें कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर हर दिन डेढ़ लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। खासकर हीरो चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण और संकुचित रास्ते के कारण जाम का प्रमुख केंद्र बन जाता है और बारिश के बाद भी यहीं भयंकर जाम लगा था, जिसने 25 घंटे तक शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए थे।
गुडगांव शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में ट्रैफिक व्यवस्था करना व ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाना पुलिस विभाग की बड़ी जिम्मेदारी है। संयुक्त आयुक्त को ट्रैफिक का प्रभार सौंपे जाने से माना जा रहा है कि शहर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पडेगा।