जेएनयू मुद्दे को सुलझाने के लिए शुक्रवार सुबह केंद्र सरकार के उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे संग कुलपति प्रो. एम जगदीश कुमार और रजिस्ट्रार प्रो. प्रमोद कुमार की बैठक हुई। बैठक में विश्वविद्यालय में चल रहे आंदोलन को समाप्त करने और अकादमिक कलेंडर के तहत कक्षाएं शुरू करने पर चर्चा हुई।
उच्च शिक्षा सचिव ने कुलपति और रजिस्ट्रार को निर्देश दिया कि वे छात्रों से बात करें और दिक्कतों का मिल बैठकर समाधान करें। क्योंकि छात्र व शिक्षकों से बात करने पर ही समाधान निकलेगा। सरकार का निर्देश है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की पहली प्राथमिकता आंदोलन को समाप्त करना है। इसके लिए वे हरसंभव प्रयास करें।
कुलपति ने कहा कि बीते 11 दिसंबर को मंत्रालय में हुई बैठक में फैसला लिया गया था कि यूटिलिटी व सर्विस चार्ज अब छात्रों को नहीं देने होंगे। इस संबंध में बृहस्पतिवार को छात्रों को सूचना दे दी गई है। यूटिलिटी व सर्विस चार्ज का पैसा विश्वविद्यालय को यूजीसी देगा। इस संबंध में यूजीसी को पहले ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने पत्र लिख दिया था।